होटल में घुसे सुअर ने युवक पर किया हमला,13 विदेशी मेहमान बचे  हमले से 12 सेमी लंबा घाव, 13 टांंके लगे


 भोपाल में वन विहार के पास स्थित साया जी होटल के भीतर घुसकर सुअर ने यहां ठहरे मयूर धावे पर हमला कर दिया। इस दौरान वहां मौजूद उनके करीब 13 विदेशी मेहमान भागकर बचे। हमले से युवक की जांघ में 12 सेमी लंबा व गहरा घाव हो गया है। उनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना शुक्रवार सुबह 5.48 बजे की है। वन विभाग की टीम ने सुअर को पकड़ने के लिए चार घंटे तक मशक्कत की, पर वह पकड़ में नहीं आया। उसे आबादी से दूर भगा दिया गया।



  1. होटल के सीसीटीवी फुटेज से सामने आया कि सुअर मुख्य मार्ग से दौड़ते हुए होटल के अंदर घुस गया। इस दौरान होटल का मुख्य प्रवेश द्वार बंद था। पैदल आने-जाने के लिए एक छोटा सा गेट खुला था। सुअर होटल के अंदर गैलरी में घुसा तो यहां खड़े मयूर के मेहमान भागने लगे।

  2. मयूर ने भी सुअर को खदेड़ने की कोशिश की तो उसने उन पर हमला कर दिया। यहां मयूर आस्ट्रिया से आए अपने मेहमानों को एयरपोर्ट छोड़ने की तैयारी कर रहे थे। घायल के परिजन रविवार को एमपी नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे। परिजन का कहना है कि पुलिस एफआईआर दर्ज करने से बच रही है।

  3. घायल की आपबीती


 


मैं अपनी बहन के शादी के लिए होटल में 29 फरवरी से रुका था। बहन की शादी विदेश में हुई है। आस्ट्रिया से आए करीब 13 मेहमानों को छोड़ने के लिए एयरपोर्ट जाना था। गाड़ी का इंतजार करने के लिए होटल के अंदर गैलरी में खड़ा था। विदेशी मेहमान भी वहां पर थे। मैंने सुअर को देखा तो मेहमानों का दूर किया। इसी दौरान सुअर ने हमला कर मुझे गिरा दिया। इसके बाद मैंने मेहमानों को छोड़ने उसी हालत में एयरपोर्ट गया। होटल प्रबंधन की लापरवाही यह है कि जब यहां जंगली जानवर आ जाते हैं तो एयर गन आदि की व्यवस्था क्यों नहीं की गई। मेहमानों पर सुअर का हमला होता तो वह विदेश भी नहीं लौट पाते।



  1.  मयूर धावे, कांट्रेक्टर निवासी-सारिणी बैतूल


पहली बार कोई जानवर अंदर आया है। छोटा सा गेट खुला था। गार्ड मौजूद था। उसने सुअर को रोकने की कोशिश की पर वह अंदर घुस गया। बचाने के फेर में सुअर ने एक गार्ड पर भी हमला किया। उसकी अंगुली में चोट आई है। इसकी सूचना उसी दिन पुलिस को भी दे दी थी।



  1.  विनोद त्रिपाठी प्रबंधक, साया जी होटल


अभी यह नहीं कह सकते कि सुअर जंगली है या घरेलू। कई बार घरेलू सुअर भी हमला कर देते हैं। सुअर को पकड़ने की 4 घंटे तक कोशिश की पर वह पकड़ में नहीं आया। अभी वन विभाग की टीम क्षेत्र में नजर रखे है।



  1. एके झंवर, रेंजर समरधा रेंज