कहा कलेक्टर कांग्रेस कार्यकर्ता को गोद में बैठा कर पिलाती हैं दूध
कलेक्टर के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली भाजपा, अब बचाव की मुद्रा में
ब्यावरा में बुधवार को कलेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने पहुंचे भाजपा नेता अपने ही पूर्व मंत्री के बयान में उलझकर रह गए। प्रदर्शन से पहले भाजपा ने सभा की। इस दौरान मंच से पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव ने कहा कि कलेक्टर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गोद में बैठा कर प्रेम से दूध पिलाती हैं, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं को चांटे मारती हैं। इस अमर्यादित बयान के बाद विवाद बढ़ गया। अब कलेक्टर निधि इस मामले में पूर्व मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज करवा रही हैं।
मामला उलटा पड़ता देख भाजपा के बड़े नेता कलेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आवेदन देकर चले आए। पूर्व मंत्री के अमर्यादित बयान के बाद आईएएस एसोसिएशन कलेक्टर निधि के पक्ष में उतर आया है। एसोसिएशन ने इस बयान की कड़ी निंदा की है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष आईसीपी केसरी ने ट्वीट कर कहा है कि राजगढ़ की महिला अधिकारियों के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी की भत्र्सना करते हैं। ये टिप्पणी मैदानी महिला अधिकारियों का मनोबल गिराने और उन्हें नीचा दिखाने का प्रयास है।
राजगढ़ एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि भाजपा के कार्यक्रम की वीडियोग्राफी कराई गई है। इसकी जाचं कराई जा रही है। जल्द ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम के बाद यादव ने मीडिया से कहा कि उन्हें अपने बयान पर जरा भी पछतावा नहीं है। जैसा दिख रहा है, वही बोला है। भाजपा ने इसका समर्थन किया है। उधर, भाजपा ने कार्यकर्ताओं को थप्पड़ मारने के मामले में कलेक्टर के खिलाफ पुलिस में शिकायत पत्र दिया है। कांग्रेस नेता और एडवोकेट शेख मुजीब ने धारा-354, 509 के तहत बद्रीलाल के खिलाफ ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कराई है।
सभा में भाजपा के ज्यादातर नेताओं ने कलेक्टर निधि के लिए विवादास्पद बयान दिए। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कहा कि कलेक्टर और उनकी जूनियर मैडम ज्यादा गर्मी दिखा रही हैं। यदि भारतीय संविधान नहीं होता तो आज ये दोनों अधिकारी कहीं रोटी बना रही होतीं या चूल्हा फूंक रही होतीं। इस फिल्म के प्रोड्यूसर कमलनाथ हैं तो डायरेक्टर दिग्विजय सिंह। पूरे प्रदेश में खलनायकों का जमघट हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, हम इनके थप्पड़ों से डरने वाले नहीं है। जब इंदिरा गांधी से नहीं डरे तो इन तिद्दी-पिद्दी से क्या डरेंगे।
- प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी सुन लें सत्ता तो बदलती रहती है, कांग्रेस की भी स्थाई नहीं है। हमारे कार्यकर्ता जब सड़कों पर उतरेंगे तो सरकार भी गिर जाएगी।