- क्षतिग्रस्त हो रहीं राजधानी की कईं सड़कें, जिम्मेदार कर रहे अनदेखी
ई-8 एक्सटेंशन में तो कई महीनों से सड़क पर बहाया जा रहा पानी
गाडिय़ां धोने से बर्बाद हो रहीं सड़कें, कोई रोक-टोक नहीं
भोपाल. प्रदेश की राजधानी वैसे ही क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण वर्षों से बेहाल है, उसपर वाहन धोने की समस्या कोढ़ में खाज का काम कर रही है। शहर में कई सड़कों पर पानी बहाया जाता है।
वाहन चालक इस पानी को लेकर सड़क पर ही गाडिय़ां धोते हैं। इससे सड़क तो खराब होती ही है, साथ में आवागमन करने वालों पर गंदा पानी उछलता है। इसे लेकर कई बार विवाद की स्थिति बन जाती है। नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं देते हैं, जिससे सड़क पर गाडिय़ां धोने का काम रुक नहीं रहा है।
राजधानी में नगर निगम, सीपीए और पीडब्ल्यूडी की सड़कें हैं। अधिकांश सड़कें डामर की बनाई हुई हैं। शहर में कई स्थानों पर पानी बहता रहता है। वाहन चालक इस पानी को लेकर सड़क पर गाडिय़ां धोते हैं, जिससे डामर खराब हो जाता है और गिट्टी उखड़ जाती है।
इसी के चलते धीरे-धीरे सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो जाते हैं और निकलना मुश्किल हो जाता है। गाडिय़ों को धोते समय वहां से गुजर रहे दोपहिया वाहन या ऑटो रिक्शा की सवारियों पर गंदा पानी उछलकर गिरता है, जिससे अकसर विवाद की स्थिति बनती है।
ये हैं नए शहर के खास स्थान...
हनुमान मंदिर, ठंडी सड़क
यहां पर मंदिर के पास पानी बहता रहता है। इस पानी को लेकर वाहन चालक अपने वाहन धोते हैं। इससे यहां सड़क पर हमेशा पानी फैला रहता है। इस प्वाइंट पर सड़क जल्दी खराब हो जाती है।
- कैम्पियन स्कूल के पीछे, शैतान सिंह चौराहा
- शाहपुरा में इस स्थान पर सड़क पर टैक्सी और कारें खड़ी करके धोई जाती हैं। आसपास के लोगों ने एक-दो बार गंदा पानी गिरने से आपत्ति भी जताई, लेकिन वाहनों का धुलना बंद नहीं हुआ।
आकृति ईको सिटी, बावडिय़ा कलां
यहां पर एक निर्माणाधीन ब्लॉक मेंकाफी गहरी खुदाई की गई है, जिसमें बरसात के दौरान काफी पानी भर गया था। यहां महीनों से एक पाइप के जरिए सड़क पर पानी बहाया जा रहा है। ऑटो रिक्शा, कार, टैक्सी, टेम्पो आदि वाहन पूरे दिन धोए जाते हैं। इससे यहां आवागमन काफी प्रभावित हो रहा है।
- सड़क पर वाहन धोना गलत है। ऐसा करने वालों पर पूर्व में चालानी कार्रवाई की गई है। जहां भी सड़क पर गाड़ी धोते पकड़े जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- राजीव सक्सेना, हेल्थ अफसर, नगर निगम