भोपाल क्राइम ब्रांच ने 2016 के एक मामले में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में एक कॉलेज के मालिक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने अपने फार्म हाउस पर पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया था। तब इसकी एफआईआर क्राइम ब्रांच ने दर्ज की थी। जांच और पीड़िता की बयान के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया गया।
क्राइम ब्रांच के अनुसार जबलपुर की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी को एक महिला से भोपाल में मिली थी। 2016 में उस महिला ने उसे देह व्यापार में धकेल दिया था। वह मॉडल बनाने के नाम पर लोगों से किशोरी को मिलवाती थी। पीड़िता ने बयान में बताया कि 2016 में महिला उसे लेकर एक फार्म हाउस पर गई थी।
जहां पर आरके सादवानी उर्फ दद्दू ने उसके दुष्कर्म किया था। आरोपित भोजपुर रोड पर स्थित आईपर कॉलेज का मालिक है। एएसपी निश्चय झारिया ने बताया कि रविवार को क्राइम ब्रांच ने सादवानी को गिरफ्तार कर महिला थाने के सुपुर्द किया था। जहां से मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है। देह व्यापार करवाने वाली महिला को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
तीन दिनों से मीडिया बचाकर रखा मामलाः आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने मामले में काफी गोपनीयता बरती। छोटे से छोटे अपराध की जानकारी प्रेसनोट जारी कर देने वाली भोपाल पुलिस ने तीन दिन तक इस गिरफ्तारी उजागर नहीं की। जब वह जेल चला गया था तब लोगों को इसकी जानकारी लगी। गिरफ्तारी उजागर नहीं करने से पुलिस सवालों के घेरे में हैं।
2016 में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के मामले में आईपर कॉलेज के मालिक को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले की बहुत दिनों से जांच चल रही थी।
- इरशाद वली, डीआईजी